Home latest भारी बारिश से उपखंड क्षेत्र में पानी ही पानी ,जनजीवन अस्त व्यस्त

भारी बारिश से उपखंड क्षेत्र में पानी ही पानी ,जनजीवन अस्त व्यस्त

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र में मंगलवार को दिन तथा रात के समय हुई भारी बरसात से चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है ।वहीं उपखंड के कई गांवों के रास्तों में पानी भर जाने से सम्पर्क टूट गया है ।जबकि उपखंड अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी बुधवार को सुबह से ही लगातार क्षेत्र में दौरा कर न केवल लोगों को सावचेत कर रहे हैं बल्कि उनकी बाढ़ से सम्बंधित परेशानियों का भी समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं।

क्षेत्र में मंगलवार को शुरू हुआ बारिश का दौर पूरे दिन तथा पूरी रात एवं बुधवार दोपहर 12 बजे तक चलता रहा ।जिससे जहां क्षेत्र के छोटे बड़े नाले पोखर उफान पर आ गए।वहीं सभी बांध तालाबों के पूरा भर जाने से ओवरफ्लो होकर उनकी चादर चलने से समूचे उपखंड क्षेत्र में पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। भारी बारिश से शहर के निचले इलाकों सहित पुलिस थाने, विधुत निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय,राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय उनियारा, राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय, कृषि विभाग, पुराने न्यायालय परिसर, बसस्टैंड , टोंक रोड़, सवाईमाधोपुर रोड़, बागरबस्ति, खातोली गेट, आदि जगहों पर पानी भर गया है।

जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।इधर जलसंसाधन विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष प्रभारी कनिष्ठ अभियंता लोकेश सैनी ने बताया कि बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे समाप्त हुए पिछले चौबीस घंटों के दौरान गलवा बांध पर 60, गलवानियाँ पर 142, ठिकरिया बांध पर 80 ,उनियारा शहर में 91 तथा अलीगढ़ तहसील मुख्यालय पर 101 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।जबकि बरसात से जलसंसाधन विभाग अंतर्गत आने वाले गलवा बांध की सुबह साढ़े 8 बजे 10 इंच,गलवानियाँ की 1 फिट, ठिकरिया की 45 सेंटीमीटर, कुम्हारिया की 25 सेंटीमीटर, श्योदानपुरा की 1 फिट,तथा दुधीसागर की 8 इंच चादर चल रही थी ।

जो बुधवार को शाम 4 बजे तक बढ़कर गलवा बांध की चादर डेढ़ फीट,गलवानियाँ की 2 फिट, दुधीसागर की 2 फिट 3इंच, ठिकरिया की 75 सेंटीमीटर हो गई।क्षेत्र में भारी बरसात का जायजा लेने के लिए उपखंड अधिकारी शत्रुघ्न सिंह गुर्जर, पुलिस उपाधीक्षक रघुवीर सिंह भाटी, उनियारा तहसीलदार प्रवीण सैनी,अलीगढ़ तहसीलदार धर्मेंद्र तसेरा ने दिनभर दौरा कर लोगों की सार सम्भाल ली।जबकि कई राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारियों को भी इलाके में दौरा करने के लिए भेजा गया है।समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नही मिली है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version