Home latest भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का किसान मोर्चा ने किया स्वागत अभिनंदन

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का किसान मोर्चा ने किया स्वागत अभिनंदन

0

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने तुष्टीकरण की राजनीति को दिया बढ़ावा, देश में लागू होना चाहिए यूसीसी :— मदन राठौड़

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के फैसले पर कहा कि कांग्रेस ने सदैव तुष्टीकरण की राजनीति की है। कांग्रेसियों ने समाज को वर्गों में बांटने का काम किया और वोट बैंक के लिए देश का विभाजन करने का काम किया। कांग्रेस की यह नीति सही नहीं। देश में यूनिफार्म सिविल कोड नियम लागू होना चाहिए। सभी को समान अवसर मिलने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर कार्य कर रहे है। ऐसे में विपक्ष को भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा किसान मोर्चा की ओर से आयोजित सम्मान समारोह एवं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व मीडिया को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किसान मोर्चा के सम्मान समारोह में मोर्चा के पदाधिकारियों का धन्यवाद दिया और कहा कि केंद्र व राज्य के बजट में खेत-किसान के लिए की गई घोषणाएं पूरी होने से प्रदेश का किसान न केवल खुशहाल होगा, बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ होगी। राठौड़ ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती में उसके कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है। भाजपा में हमेशा कार्यकर्ता की समस्या के समाधान को लेकर प्राथमिकता दी जाती है।

भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने मदन राठौड़ की सादगी व मिलन सारिता की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। चौधरी ने कहा कि मदन राठौड़ के नेतृत्व में सत्ता व संगठन के मजबूत सामंजस्य से प्रदेश में विकास कार्यों में गति आएगी। जहां एक ओर भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, वहीं दूसरी ओर मदन राठौड़ के कुशल निर्देशन में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा भी मजबूत होगा। उन्होंने प्रदेश के किसानों के कल्याण में केंद्र व राज्य सरकार द्धारा किए जा रहे कार्यों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष भागीरथ चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक मोर्चे के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं जिला पदाधिकारियों ने भाजपा के नव-निर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ का भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन किया।

इससे पहले किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मोतीराम मीणा, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओपी यादव, रेवंतसिंह राजपुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष खीमाराम चौधरी व मोर्चा के जिलाध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों ने साफा बांधकर, फूल मालाएं व दुप्पटा पहनाकर व हल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डा. बलराम दून ने किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version