लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देश में यदि किसी राजनीतिक दल ने संविधान का सही मायनों में सम्मान किया है, तो वह भाजपा: मदन राठौड़
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तिरंगा ध्वज फहराया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। इसी दिन हमारे संविधान की रचना हुई थी। उन्होंने कहा कि यदि देश में किसी राजनीतिक दल ने संविधान का सही मायनों में सम्मान किया है, तो वह भारतीय जनता पार्टी है। भाजपा ने सदैव संविधान को सर्वोच्च सम्मान देने का कार्य किया है।
मदन राठौड़ ने कहा कि संविधान हमें व्यवस्था, मर्यादा और अनुशासन का पालन करना सिखाता है, जिससे देश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनी रहती है और आम नागरिक सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकता है। संविधान समानता और सामाजिक समरसता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि पदभार ग्रहण करते समय प्रधानमंत्री ने संविधान को मस्तक पर लगाकर उसका सम्मान किया था। आज भाजपा के सभी कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप आचरण कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन सरकार आम नागरिक को आज़ादी का वास्तविक अनुभव दिलाने, विकास के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
पड़ोसी देशों की स्थिति का उल्लेख करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों में संवैधानिक व्यवस्थाएं कमजोर हुई हैं, जहां आम नागरिक अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं। इसके विपरीत भारत में संवैधानिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है, जो मजबूत नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संविधान को सर्वोच्च सम्मान देते हुए ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे सर्व समाज का समग्र विकास हो सके तथा नागरिकों में व्यक्तिगत शुचिता और राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण हो।
इस अवसर पर सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य महाराज, भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री अजीत मांढण, नारायण मीणा, आईदान सिंह भाटी, अपूर्वा सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, संयोजक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।