लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा जयपुर शहर कार्यालय में श्रम, रोजगार एवं सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम (एमएसएमई) की केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे के आगमन पर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री को साफा एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
अपने संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से उद्यमिता, एमएसएमई एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम हैं और इसके माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं को राजनीति में भी अधिक सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया, ताकि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी भूमिका और अधिक सशक्त बन सके।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।