लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा कार्यालय में भव्य समारोह, कांग्रेस पर साधा निशाना
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने अयोध्या में भगवान श्रीरामलला की मूर्ति स्थापना के पावन अवसर पर अपने पद का औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। इस अवसर पर जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने विधिवत रूप से गोपीचंद मीणा को पदभार ग्रहण कराया। अपने संबोधन में मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। उन्होंने समाज को बांटकर राजनीति करने वालों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे तत्वों को बेनकाब करना आमजन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “जो सेवा करे उसे आशीर्वाद दो और जो समाज के हितों की अनदेखी करे, उसे पहचानो। भाजपा कार्यकर्ता चुनाव के समय ही नहीं, हर समय जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं।”
जनजाति समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा : किरोड़ीलाल मीणा
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने गोपीचंद मीणा को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजाति समाज के उत्थान, सशक्तिकरण और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनजाति मोर्चा ने वर्षों से समाज के अधिकारों, सामाजिक उन्नयन और राजनीतिक सहभागिता को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है, जो आगे भी जारी रहेगी।
कांग्रेस शासन में युवाओं के साथ हुआ धोखा : गोपीचंद मीणा
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राज्य के लाखों युवाओं के साथ विश्वासघात किया गया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक माफिया को बढ़ावा देकर युवाओं के सपनों को तोड़ा गया।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के दो वर्षों के शासन में युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर विकास के कार्य करें, चाहे वह रोजगार हो, व्यवसाय हो या सामाजिक सेवा।
पंचायत चुनावों के लिए अभी से जुटने का आह्वान
गोपीचंद मीणा ने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि लक्ष्य “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में हर गांव और पंचायत से भाजपा की लहर उठेगी।
वाहनों का रैला, जगह-जगह स्वागत
समारोह में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से लोग जयपुर पहुंचे, जिससे शहर में सुबह से ही भाजपा के झंडों और बैनरों से सजे वाहनों का रैला देखने को मिला। कई टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
कार्यक्रम से पूर्व गोपीचंद मीणा के काफिले का जयपुर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। सहकार सर्किल पर जेसीबी पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया।
मंच पर मालाओं की होड़
कार्यक्रम के दौरान मंच पर गोपीचंद मीणा को माला, साफा, शॉल और बुके पहनाने की होड़ मच गई। कार्यकर्ताओं ने 101 किलो, 51 किलो, 31 किलो और 21 किलो की विशाल मालाएं पहनाईं। मेवाड़ अंचल से आए कार्यकर्ताओं ने तीर-कमान, हल और पगड़ी भेंट कर स्वागत किया।
महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी
समारोह की खास बात महिलाओं की भारी उपस्थिति रही। राज्य के विभिन्न जिलों से पारंपरिक परिधानों में आई महिलाओं ने कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी देर शाम तक स्वागत का सिलसिला जारी रहा।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कनकमल कटारा, रामकिशोर मीणा, नारायण मीणा, हेमराज मीणा, जितेंद्र मीणा सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।