लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया)।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेसी नेताओं द्वारा की जा रही कथित भ्रामक बयानबाजी पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का मूल स्वभाव ही हर घटना में राजनीति तलाशना, समाज को बांटना और अपराधियों को संरक्षण देना रहा है। कांग्रेस ने कभी समाज को जोड़ने का प्रयास नहीं किया, बल्कि तुष्टिकरण और भड़काऊ राजनीति से सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचाया है।
मदन राठौड़ ने कहा कि न्याय का सिद्धांत स्पष्ट होना चाहिए—जो भी दोषी हो, उसे सजा मिले, चाहे वह किसी भी दल या समाज से संबंधित हो। उन्होंने कहा कि “अपना व्यक्ति गलत करे तो संरक्षण और दूसरा करे तो कार्रवाई”—यह नीति न तो लोकतांत्रिक है और न ही नैतिक। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों, विशेषकर पश्चिम बंगाल में खुलेआम हिंसा और अपराध हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस जैसे दल अपराधियों के पक्ष में खड़े नजर आते हैं।
कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार अब एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, बोफोर्स, चारा घोटाला, पनडुब्बी घोटाला और जीप घोटाले जैसे अनेक उदाहरण कांग्रेस की कार्यशैली को उजागर करते हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “घोटाले होते हैं, जनता भूल जाती है”, जो कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
बजरी माफिया कांग्रेस शासन की देन
मदन राठौड़ ने कहा कि बजरी माफिया की पैदाइश कांग्रेस शासन की देन है, जहां न टेंडर व्यवस्था थी और न ही पारदर्शिता। माफियाओं को खुली छूट दी गई, जिसके कारण आम नागरिकों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी। उन्होंने पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर थे, सड़कों पर खून बहा और बजरी माफिया फलते-फूलते रहे।
इसके विपरीत भाजपा सरकार ने बजरी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई, गिरफ्तारी और नियंत्रण की नीति अपनाई है। राठौड़ ने कहा कि गहलोत को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल की ओर देखना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए गहलोत के सामने ही तत्कालीन मंत्री डोटासरा पर शिक्षकों द्वारा खुलेआम लेन-देन के गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिनका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए।
भाजपा में न अपराधियों को संरक्षण, न भ्रष्टाचार को जगह
मदन राठौड़ ने दो टूक कहा कि भाजपा की राजनीति विकास, सुशासन और न्याय पर आधारित है। भाजपा में न तो अपराधियों को संरक्षण मिलता है और न ही भ्रष्टाचार को सहन किया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगे भी जनता के भरोसे पर खरी उतरती रहेगी।