लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
हेमंत शर्मा फूलेरा वरिष्ठ संवाददाता
फुलेरा/बगरू, जयपुर। राजधानी जयपुर के बगरू इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जयपुर में कार्यरत लेबर इंस्पेक्टर शंकर बलाई की उनके ही साले अजय वर्मा ने सरेआम बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त आरोपी कैब पर सवार होकर आया और लेबर इंस्पेक्टर के सिर में चार- पांच गोलियां दाग दीं। शंकर बलाई की मौके पर ही मौत हो गई। शंकर बगरु की पॅाश कॅालोनी में रहता था। जिसके बाद वहां दहशत का माहौल हो गया।
बीच सड़क पर चली गोलियां, इलाके में मचा हड़कंप
घटना बगरू की एक प्रमुख कॉलोनी के पास हुई, जहां आरोपी ने बेहद नजदीक से फायरिंग की। दिनदहाड़े बीच सड़क पर हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी फरार हो गया।
आरोपी ने फुलेरा थाने में किया सरेंडर
घटना के कुछ देर बाद आरोपी अजय वर्मा ने खुद को फुलेरा थाने में हथियार सहित पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है।
फुलेरा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय वर्मा फुलेरा क्षेत्र का रहने वाला है और मृतक शंकर बलाई का सगा साला है। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
एसएचओ ने दी जानकारी
फुलेरा थाने के एसएचओ चंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बहन को किया विधवा
लोगों का कहना है कि एक साले ने गुस्से में आकर अपनी ही सगी बहन को विधवा बना दिया। यदि कोई दुश्मनी ही थी तो मिल बैठकर बात की जा सकती थी। छोटे- छोटे बच्चे अनाथ हो गए। रक्षाबंधन से पूर्व एक भाई ने अपनी ही बहन का सुहाग उजाड़ कर अच्छा नहीं किया।
