लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों ने सौंपा नया रूट चार्ट
भीलवाड़ा | एसएन राजस्थान न्यूज़
भीलवाड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा और जिला मुख्यालय से सीधी कनेक्टिविटी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ‘पीएम ई-बस सेवा’ शुरू करने की मांग तेज कर दी है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर भीलवाड़ा से बाडिया माता एवं आशा होली तक ई-बस सेवा जल्द शुरू करने की मांग की है। साथ ही नया रूट चार्ट भी प्रशासन को सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
महेंद्रगढ़ सरपंच रामधन सोमानी ने बताया कि आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर क्षेत्र में ई-बस सेवा शुरू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में महेंद्रगढ़ प्रशासक ललिता सोमानी ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर क्षेत्र में ई-बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
यह है प्रस्तावित रूट
ग्रामीणों ने मांग की है कि भीलवाड़ा से आशा होली और बाडिया माता तक कम से कम दो ई-बसें निम्न रूट से संचालित की जाएं—
भीलवाड़ा → गुरला → कारोई → तिलोली → एकलिंगपुरा → महेंद्रगढ़ → आमली → चेड → आशा होली → बाडिया माता
नया रूट चार्ट भी किया प्रस्तावित
ग्रामीणों ने भीलवाड़ा-कारोई रूट में बदलाव का भी प्रस्ताव रखा है, ताकि अधिक से अधिक गांवों को ई-बस सेवा का लाभ मिल सके।
प्रस्तावित नया रूट:
भीलवाड़ा → बाडिया माता → आशा होली → चेड → आमली → महेंद्रगढ़ → एकलिंगपुरा → तिलोली → महावीर चौराहा (सांगवा) → कारोई → गुरला → मुजरास → पुर
ग्रामीणों ने बताए ये प्रमुख लाभ
ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित रूट लागू होने से कई महत्वपूर्ण फायदे होंगे—
- ग्रामीण क्षेत्रों की जिला मुख्यालय से सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी होगी।
- रोजगार, व्यापार और दैनिक आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
- महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित एवं रियायती यात्रा सुविधा मिलेगी।
- स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।
- धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होने से श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।
प्रशासन से जल्द निर्णय की उम्मीद
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित रूट को स्वीकृति देने और बाडिया माता–आशा होली मार्ग पर जल्द से जल्द पीएम ई-बस सेवा शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे हजारों ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा।