लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के मुरलीपुरा बीड़ स्थित शहीद मेजर योगेश अग्रवाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मेगा पीटीएम (पेरेंट-टीचर मीटिंग) में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री के आगमन पर स्कूली बच्चों ने तालियों से उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। बच्चों को संबोधित करते हुए दिया कुमारी ने कहा कि ये बच्चे देश का भविष्य हैं और शिक्षकों द्वारा दी गई शिक्षा उनके जीवन की दिशा तय करती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार आयोजित मेगा पीटीएम का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे बच्चों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों से खुलकर संवाद करें, उनके मन की बात समझें और उन पर किसी प्रकार का दबाव या तनाव न डालें। बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें पूरा सहयोग एवं प्रोत्साहन देना चाहिए।
इस अवसर पर दिया कुमारी ने होनहार छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि लड़कों के साथ-साथ लड़कियों को भी समान अवसर मिलने चाहिए, क्योंकि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम में एसीबीईओ ओमप्रकाश, प्रधानाचार्या अनिता यादव, प्रधानाचार्य करुण चौधरी, जयंत कुमावत, राकेश अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, सुरेश जांगिड़, राजू मीणा, कार्यकर्ता, पदाधिकारी, अभिभावक एवं बालक-बालिकाएं सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।