लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तीन वरिष्ठजनों का किया सम्मान
नागौर। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की उत्तर-पश्चिमी राजस्थान इकाई के आह्वान पर नागौर जिला पुरुष एवं महिला इकाई ने ‘मिशन मुस्कान-वयोवृद्ध सम्मान’ अभियान की शुरुआत करते हुए अग्रवाल समाज के तीन वरिष्ठजनों का उनके घर जाकर सम्मान किया। अभियान का उद्देश्य समाज के बुजुर्गों का सम्मान करना, उनका कुशलक्षेम जानना और उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को जोड़ना है।
प्रदेशाध्यक्ष ज्ञानज्योति गुप्ता एवं महिला प्रदेश महामंत्री अल्पना अग्रवाल की प्रेरणा से आयोजित इस अभियान के तहत जिला अध्यक्ष मनीष बंसल और महिला जिला अध्यक्ष सुधा अग्रवाल के नेतृत्व में सम्मेलन के पदाधिकारियों ने तुलसीराम अग्रवाल, विनोद अग्रवाल तथा प्रेमदेवी अग्रवाल (स्व. रामेश्वरलाल गोयल ‘कम्पाउडर’ की धर्मपत्नी) के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया और उनका हालचाल जाना।
इस दौरान वरिष्ठजनों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। तुलसीराम अग्रवाल ने समाज में बेटियों के विवाह में हो रही देरी और परिवारों के लगातार छोटे होते स्वरूप पर चिंता व्यक्त करते हुए इस दिशा में समाज को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई।
वहीं विनोद अग्रवाल ने सामाजिक और सार्वजनिक जीवन के अपने अनुभव साझा करते हुए आपातकाल के दौरान जेल यात्रा, स्वतंत्रता सेनानी सम्मान तथा देश और समाज के बदलते परिवेश पर चर्चा की। उन्होंने वैवाहिक रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए सामाजिक स्तर पर मध्यस्थता की भूमिका और परिचय सम्मेलन आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही टूटते पारिवारिक रिश्तों पर भी चिंता जताई।
प्रेमदेवी अग्रवाल ने सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि समाज में बड़ों का सम्मान और बच्चों को स्नेह देना भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कम बोलने और अधिक सुनने की सीख भी दी।
जिला महामंत्री दिलीप पीटी ने बताया कि वरिष्ठजनों से मुलाकात और उनका सम्मान करना सभी सदस्यों के लिए प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि ‘मिशन मुस्कान-वयोवृद्ध सम्मान’ अभियान को भविष्य में भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
अभियान में सम्मेलन के उपाध्यक्ष छगन बंसल, तेजाराम अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अग्रवाल पंचायत नागौर के सचिव मोहित गोयल, कोषाध्यक्ष संजय गोयल, पूर्व अध्यक्ष मांगीलाल बंसल, महिला जिला अध्यक्ष सुधा अग्रवाल, महिला कोषाध्यक्ष सुमन अग्रवाल तथा डॉ. कीर्ति अग्रवाल सहित कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।