लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
25 विद्यालयों में 533 दरी-पट्टियों का वितरण
पादूकलां। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुप्रीम फाउंडेशन की ओर से अजमेर संभाग के राजकीय संस्कृत विद्यालयों को दरी-पट्टियों की सौगात दी गई। फाउंडेशन द्वारा संभाग के 25 राजकीय संस्कृत विद्यालयों में कुल 533 दरी-पट्टियों का वितरण किया गया, जिससे विद्यार्थियों को बैठकर अध्ययन करने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम प्रमुख शिक्षाविद प्रेमराज वर्मा की मुख्य उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर एसडीआई लेखराज जाट तथा डीआई गोपाल दत्त शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में संभाग के विभिन्न संस्कृत विद्यालयों से आए शिक्षकगणों ने भाग लेकर इस पहल की सराहना की।
वितरण के क्रम में ग्राम पंचायत पालड़ीकलां के मांडल देवा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय को 23 दरी-पट्टियाँ प्रदान की गईं, जबकि मेड़ता सिटी स्थित संस्कृत विद्यालय को 17 दरी-पट्टियाँ दी गईं। शिक्षाविदों ने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से संस्कृत विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा तथा शिक्षा के प्रति उनका रुझान भी बढ़ेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में फाउंडेशन के प्रेरणास्रोत दिवंगत बजरंग लाल तापड़िया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके सेवाभावी जीवन, समाजसेवा और संस्कृत शिक्षा के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर भामाशाह महावीर प्रसाद तापड़िया, शिवरतन तापड़िया और विजय तापड़िया के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में फाउंडेशन के मुख्य समन्वयक श्यामबाबू शर्मा, समन्वयक रविन्द्र शर्मा, केदार पांडे तथा विष्णु शर्मा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
