लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। आने वाले समय में अजमेर को योजनाबद्ध रूप से एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और पर्यटन संभावनाओं वाले शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) और नगर निगम अरबों रुपये के विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं। शहर के एंट्री पॉइंट से लेकर विभिन्न प्रमुख स्थानों तक सड़कों, सफाई, पार्किंग, वेंडिंग जोन और बड़े सार्वजनिक ढांचों को बेहतर बनाया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में एडीए और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और बजट घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में एडीए ने वर्तमान और भावी योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
30 हजार क्षमता वाला खेल स्टेडियम बनेगा
देवनानी ने माकड़वाली रोड स्थित पृथ्वीराज नगर योजना के पास मल्टी पर्पज खेल स्टेडियम का काम जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए।
-
इस स्टेडियम में 30 हजार से अधिक दर्शक बैठ सकेंगे।
-
प्रथम चरण में इसे 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।
-
इसका उपयोग खेल आयोजनों के साथ बड़े सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों में भी किया जा सकेगा।

एंट्री प्लाजा और मुख्य सड़कों का सौंदर्यीकरण
देवनानी ने निर्देश दिए कि अजमेर का एंट्री प्लाजा 30 जून 2026 तक पूरा किया जाए, जिससे शहर को एक भव्य प्रवेश द्वार मिल सके।
-
सड़कों को चौड़ा करने,
-
सौंदर्यीकरण,
-
और रोशनी की बेहतर व्यवस्था
पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वरुण सागर का कायाकल्प, भगवान झूलेलाल की प्रतिमा लगेगी
बैठक में वरुण सागर के सौंदर्यीकरण पर विस्तार से चर्चा हुई।
-
पाल पर भगवान झूलेलाल की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
-
घाटों का निर्माण और झील को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है।
-
विस्तृत डीपीआर जल्द तैयार होगी।
देवनानी ने मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
नई सड़कें, चौड़ीकरण और प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान
-
लक्की चौराहा से अजयसर तक 9 मीटर चौड़ी सड़क का काम जल्द पूरा होगा।
-
वरुण सागर रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज से लक्की चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
-
लोहागल से जनाना तक 6 लेन सड़क का काम भी शीघ्र पूरा होगा।

कन्वेंशन सेंटर और एडीए का नया भवन तैयार होगा
देवनानी ने अजमेर में आधुनिक महानगरों की तर्ज पर कन्वेंशन सेंटर की डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एडीए के नए भवन, एलीवेटेड रोड सौंदर्यीकरण, साइंस पार्क, हैंडलूम सेंटर और अन्य कार्यों की भी समीक्षा की।
नगर निगम कार्यों की समीक्षा – सफाई, सीवरेज, वेंडिंग जोन पर फोकस
बैठक में नगर निगम से जुड़े कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
-
गांधी भवन के पीछे बनने वाले 7 करोड़ की लागत के पुस्तकालय का कार्य जल्द शुरू होगा।
-
अगले वर्ष बारिश से पहले ड्रेनेज योजना पर काम शुरू किया जाएगा।
-
एलीवेटेड रोड के नीचे टू-व्हीलर पार्किंग और नगर निगम पार्किंग में फोर-व्हीलर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
-
सफाई व्यवस्था, सड़कें, सीवरेज और लाइटिंग सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा।
-
वेंडिंग और नॉन-वेंडिंग जोन की समीक्षा कर स्पष्ट कार्रवाई की जाएगी।
कॉलोनियों में पट्टा वितरण को अभियान के रूप में चलाकर सभी पात्र आवेदकों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
आनासागर झील क्षेत्र का विकास
-
झील के दोनों ओर हैंगिंग ब्रिज सुधार,
-
लेजर शो,
-
होटल और गेस्ट हाउस में नियमों की कड़ाई से पालना
के निर्देश दिए गए।
बारिश से पहले नालों का काम पूरा करने पर भी जोर दिया गया।