लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट : तुषार पुरोहित, सिरोही
सिरोही। जिले के सरूपगंज थाना क्षेत्र के मांडवाड़ा खालसा गांव में सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से गांव में चिंता और दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद चिकित्सा विभाग और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। एहतियात के तौर पर गांव में विशेष स्वास्थ्य सर्वे अभियान शुरू किया गया है तथा घर-घर जाकर लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
उपचार के दौरान दोनों बच्चों ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार मांडवाड़ा खालसा निवासी 15 वर्षीय नैनाराम और उसकी 12 वर्षीय बहन काली की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजन भी घटना से सदमे में हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलने पर सरूपगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सरूपगंज अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
प्रशासन और चिकित्सा विभाग अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और चिकित्सा विभाग की टीमें गांव पहुंच गईं। मौके पर पिंडवाड़ा एसडीएम नरेंद्र जांगिड़, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गांव की स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से जानकारी जुटाई।
घर-घर जाकर लिए जा रहे सैंपल
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. एसपी शर्मा ने बताया कि एहतियात के तौर पर चिकित्सा विभाग ने गांव में विशेष स्वास्थ्य अभियान शुरू किया है। इसके तहत सात चिकित्सा टीमें गठित की गई हैं, जो करीब 100 घरों में जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच और सैंपल संग्रह का कार्य कर रही हैं। पूरे गांव का व्यापक सर्वे भी कराया जा रहा है, ताकि किसी संभावित बीमारी या संक्रमण की समय रहते पहचान की जा सके।
तीन अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया
चिकित्सा विभाग ने सावधानी बरतते हुए एक महिला सहित तीन बच्चों को स्वरूपगंज अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है। साथ ही गांव के अन्य लोगों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार ग्रामीणों की निगरानी कर रही है।
ग्रामीणों में चिंता का माहौल
घटना के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सा विभाग को सूचना देने की अपील की है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई हैं।