लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मांडलगढ़। गांधीनगर सेक्टर पांच स्थित आर.एन.टी. विधि महाविद्यालय में विधि तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए दीवानी मूट कोर्ट का सफल आयोजन किया गया। यह सत्र का प्रथम मूट कोर्ट था, जिसका आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर के निर्धारित पाठ्यक्रमानुसार किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ इसमें भाग लिया।
महाविद्यालय के समन्वयक गौरव त्यागी एवं उप-प्राचार्य डॉ. प्रभा भाटी ने बताया कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक विधिक प्रशिक्षण प्रदान करने तथा न्यायालयीन प्रक्रिया से अवगत कराने के उद्देश्य से इस मूट कोर्ट का आयोजन किया गया।
न्यायालयीन प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ
विधि व्याख्याता जफ्फर हुसैन वैलिम ने कहा कि मूट कोर्ट विद्यार्थियों के लिए न्यायालय की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का सर्वोत्तम माध्यम है। इससे उनकी तर्कशक्ति, विधिक विश्लेषण क्षमता एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण कौशल का विकास होता है।
मूट कोर्ट में “संजय शर्मा बनाम विनीता शर्मा” शीर्षक दीवानी वाद पर सुनवाई की गई। मामला विशेष विवाह अधिनियम, 1954 के अंतर्गत संपन्न विवाह से संबंधित था। संक्षिप्त तथ्यों के अनुसार पति द्वारा मानसिक क्रूरता एवं अभित्यजन (Desertion) के आधार पर जिला न्यायालय में विवाह विच्छेद की याचिका प्रस्तुत की गई थी। दोनों पक्षों को प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में दर्शाया गया, जिनके मध्य वैवाहिक जीवन में उत्पन्न मतभेदों को मूट कोर्ट के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों ने निभाईं विभिन्न भूमिकाएं
मूट कोर्ट में विद्यार्थियों ने न्यायालय की विभिन्न भूमिकाएं निभाईं—
-
पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीश: असरा मंसूरी
-
प्रार्थी पक्ष के न्याय मित्र: हर्षवर्धन सिंह, अर्चना वर्मा, स्नेहा सुथार, बदरुन निशा, अर्चना
-
अप्रार्थी पक्ष के न्याय मित्र: देवेंद्र सिंह, मोहम्मद हमजा, अमरीन खान, फरदीन कुरैशी
-
प्रार्थी: दीपक शर्मा
-
अप्रार्थी: आयुषी चिल्हाटे
-
रीडर: तोसीबा खान
-
स्टेनोग्राफर: आयशा हुसैन खान
-
गवाह: राजवर्धन सिंह, राधा पंचोली, समीर मीणा, कन्या धाकड़, कविता धाकड़, सचिन, विधा मालवीय
विद्यार्थियों ने तथ्य एवं विधिक प्रावधानों के आधार पर अपने-अपने पक्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं का मार्गदर्शन
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता बी.एल. पोखरना सहित विधि सहायक आचार्य जमीर आलम, अमित कोहली, गजेंद्र जोशी, सोनिया राजोरा, मेहा डाड, डॉ. प्रियंका शर्मा, सोनू कुमार मेघवंशी, ललित कुमार मीणा, डॉ. अनिल कुमार एवं दीपक शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के तर्कों की सराहना करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
मूट कोर्ट आयोजन में विधि व्याख्याता अमित कोहली एवं गजेंद्र जोशी का विशेष सहयोग रहा। अंत में महाविद्यालय आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।