Home accident 40 फीट गहरे सूखे कुएं में मिली संदिग्ध बाइक, इलाके में फैली...

40 फीट गहरे सूखे कुएं में मिली संदिग्ध बाइक, इलाके में फैली सनसनी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजसमन्द/कुंवारिया (गौतम शर्मा)। राजसमन्द जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के जोधपुरा गांव स्थित कालीमंगरी के पास गुरुवार दोपहर एक सूखे कुएं में संदिग्ध अवस्था में बाइक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

ग्रामीण लेहरूलाल बैरवा ने बताया कि कालीमंगरी चौराहे के समीप स्थित एक कुएं के पास से गुजर रहे राहगीर की नजर अचानक कुएं में पड़ी बाइक पर गई। सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना पर कुंवारिया थाना प्रभारी सीआई रामचन्द्र कुमावत, एएसआई जसवंत सिंह एवं हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बाइक को कुएं से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

करीब 40 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरी बाइक को बाहर निकालने के लिए ग्रामीण रतनलाल भील ने साहस का परिचय देते हुए कुएं में उतरकर बाइक को रस्सी से बांधा। इसके बाद ट्रैक्टर की सहायता से बाइक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि बाइक करीब डेढ़ वर्ष पहले कुएं में डाली गई हो सकती है। पूर्व में कुएं में पानी भरा रहने के कारण बाइक दिखाई नहीं दी, लेकिन पानी सूखने के बाद यह नजर आई।

पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है। अब वाहन के नंबर और उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बाइक कुएं में कैसे पहुंची और इसके पीछे कोई आपराधिक मामला तो नहीं है।

मौके पर दिनेश कुमावत, मांगीलाल जाट, बद्रीलाल जाट, फतह सिंह रावत, रोशन सिंह रावत, लेहरूलाल बैरवा, रामलाल, भेरूलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version