Home crime धौलपुर में मुठभेड़ के बाद 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश सहित...

धौलपुर में मुठभेड़ के बाद 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश सहित 5 गिरफ्तार

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर | धौलपुर जिला पुलिस ने बुधवार तड़के एक साहसिक और सुनियोजित ऑपरेशन के तहत जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल दो कुख्यात इनामी बदमाशों सहित कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के इनामी अजीत ठाकुर और कल्याण ठाकुर को दबोचा गया।
करीब 35 राउंड फायरिंग के दौरान मुख्य आरोपी अजीत ठाकुर के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी बदमाशों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
बीहड़ों में घेराबंदी, जवाबी फायरिंग में दबोचे बदमाश
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में थाना बसईडांग क्षेत्र के ‘सात क्यारी’ बीहड़ में बदमाशों के छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद बसईडांग थाना पुलिस, डीएसटी, स्पेशल टीम और साइबर सेल ने संयुक्त रूप से दुर्गम पहाड़ी इलाके की घेराबंदी की।
खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ को अंजाम दिया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस जब्त किए हैं, जिनमें शामिल हैं—
02 सिंगल शॉट 315 बोर राइफल
03 अवैध देशी कट्टे
75 जिंदा कारतूस
15 खाली खोखे
गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों में—
अजीत ठाकुर (निवासी बसेड़ी) – 35 आपराधिक मामले
कल्याण ठाकुर (निवासी कंचनपुर) – 33 आपराधिक मामले
10-10 हजार के इनामी धीरज, विष्णु और शिवा
ये सभी बदमाश हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं और धौलपुर–उत्तर प्रदेश सीमा पर लंबे समय से दहशत का पर्याय बने हुए थे।
पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टली
धौलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ बड़े अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है, बल्कि जिले में संभावित बड़ी आपराधिक घटनाओं को भी समय रहते टाल दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को इस साहसिक कार्रवाई के लिए बधाई दी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version