Home agriculture आदिवासी समाज ने पीढ़ियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा की...

आदिवासी समाज ने पीढ़ियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा की – बिरला

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

कोटा | कोटा में आयोजित आदिवासी जनजाति गौरव सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने आदिवासी समाज के योगदान और कल्याण पर जोर दिया। बिरला ने कहा कि आदिवासी समाज ने पीढ़ियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा कर भारत की धरोहर और पर्यावरण को सुरक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों का जीवन संघर्षों से भरा रहा है, इसलिए उन्हें न्यायपूर्ण सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

बिरला ने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में हर गांव तक पेयजल, सड़क, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन और स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाई जाएंगी। हर गांव में युवाओं की टीम तैयार की जाएगी, जिन्हें प्रशिक्षण देकर सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुँचाने का काम सौंपा जाएगा। उन्होंने आदिवासी बेटियों की शिक्षा के लिए नए छात्रावास बनाने, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने, और महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने की बात कही।

आदिवासी कल्याण के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट प्रावधान : जुएल ओराम

केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि आजादी के दशकों बाद अब आदिवासी कल्याण के लिए अलग मंत्रालय और आयोग कार्यरत हैं। इस वर्ष आदिवासी कल्याण के लिए केंद्र सरकार ने 1.20 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है, जो अब तक का सबसे बड़ा है।

ओराम ने बताया कि देशभर में 740 से अधिक एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं, जहाँ कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क, पानी, स्वास्थ्य और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, जिलाध्यक्ष देहात प्रेम गोचर, जिलाध्यक्ष बूंदी रामेश्वर मीणा सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version