लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
— किस्मत से बचे दो बच्चे और मां
— गंभीर घायल बालिका जयपुर रैफर
नवीन कुमावत
किशनगढ़ रेनवाल। शहर में वार्ड नंबर 33 के हाथीपुरा गांव में शनिवार को सुबह एक मकान की पट्टियां अचानक भरभराकर गिर गई। इससे मकान के नीचे सो रही एक 16 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे रेनवाल अस्पताल से उपचार के लिए चौमूं और फिर चौमूं से जयपुर के लिए रैफर किया गया है। घायल बालिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। गनीमत रही कि दो अन्य बच्चे और उनकी मां जागकर अपने दैनिक कार्यों में लगे हुए थे। पिता रात की गार्ड की ड्यूटी पर कृषि मंडी में थे।

घायल बालिका के सेना में कार्यरत ताऊ शिंभू सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई 45 वर्षीय शिवदत्त सिंह हाथीपुरा गांव में रहता है। शुक्रवार की रात को वो कृषि मंडी में गार्ड की नौकरी कर रहा था। और सुबह करीब पांच बजे उसके मकान की 16 पट्टियां अचानक गिर गई। जिससे उसकी बड़ी बेटी 16 वर्षीय हर्षिता कंवर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर, पेट और हाथ में चोटें आईं हैं। घायल अवस्था में उसे रेनवाल अप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे चौमूं रैफर किया गया। उसके बाद वे उसे वहां से जयपुर एसएमएस अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त दो अन्य बच्चे ( विनीता कंवर और परमवीर सिंह ) स्कूल जाने की तैयारी के तहत अपने रोजाना के कार्यों में लगे थे। और उनकी मां विमला कंवर घर का काम कर रही थी।