लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़)। नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कस्बे के विभिन्न स्थानों पर नौ दिवसीय आयोजन के तहत मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना, महाआरती, स्तुति, पूजन और पाठ का आयोजन किया गया। इसी क्रम में शुक्रवार को ॐ हरिहर नव दुर्गा मंडल की ओर से स्व. हरिकृष्ण प्रेमी और देवेंद्र सिंह चौहान की स्मृति में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और मां दुर्गा की महाआरती से हुई। इसके बाद अतिथियों और कवियों का स्वागत-सम्मान किया गया।
कवियों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
-
मेरठ से आई कवयित्री डॉ. शुभम त्यागी ने मां वीणापाणि की वंदना कर कवि सम्मेलन की शुरुआत की।
-
मंच संचालन इंदौर के सुप्रसिद्ध हास्य कवि अतुल ज्वाला ने किया।
-
झालावाड़ के हास्य कवि भेरू नखराला ने स्थानीय भाषा में श्रोताओं को खूब हंसाया।
-
सीतामऊ के रजनीश शर्मा ने मालवी भाषा में हास्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
-
वीर रस के कवि भूपेंद्र राठौर ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता सुनाकर श्रोताओं में जोश भर दिया।
-
हास्य रस के कवि अर्जुन अल्हड़ ने “ऑपरेशन सिंदूर” की घटना को कविता के माध्यम से पेश किया।
-
बारां से आए राष्ट्रीय कवि सुरेंद्र यादवेंद्र ने अपनी कविताओं, व्यंग्य और छंदों के माध्यम से श्रोताओं का दिल जीत लिया।
देर रात तक गूंजा कवि सम्मेलन
कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा और श्रोताओं की भारी भीड़ अंत तक डटी रही। आयोजन समिति ने पर्याप्त बैठने और पेयजल की व्यवस्था की थी। अनुमान के मुताबिक हजारों की संख्या में श्रोता सम्मेलन का हिस्सा बने।