लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
भीलवाड़ा शहर के विधायक अशोक कोठारी ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर शहर के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। कोठारी ने मुख्यमंत्री के समक्ष भीलवाड़ा के लिए 11 सूत्रीय विस्तृत सुझाव एवं मांग पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें औद्योगिक नगरी के समग्र विकास, लंबित परियोजनाओं की प्रगति और नई योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा को टेक्सटाइल सिटी और राजस्थान का मैनचेस्टर कहा जाता है, जो राज्य के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देता है। शहर का वार्षिक औद्योगिक टर्नओवर लगभग 31 हजार करोड़ रुपये है, जिसमें वस्त्र और खनन उद्योग प्रमुख हैं। इसके बावजूद कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएँ अधूरी हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा करना आवश्यक है।
विधायक ने स्मार्ट सिटी की तर्ज पर भीलवाड़ा को क्लीन–ग्रीन इको सिटी बनाने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने उद्योगों के पलायन को रोकने के लिए सख्त नीतियाँ लागू करने, बिजली से जुड़े मुद्दों और RIPs-2024 से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी ध्यान दिलाया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए शहर के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रस्तुत सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक कोठारी और मुख्यमंत्री की यह बैठक भीलवाड़ा विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उम्मीद है कि आने वाले समय में शहर के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक वातावरण को नई गति मिलेगी।
