लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दुर्गापुरा से रामेश्वरम-मदुरै के लिए पहली स्पेशल ट्रेन रवाना
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने दिखाई हरी झंडी, पहली यात्रा में चार जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिक हुए शामिल; नेपाल के पशुपतिनाथ के लिए हवाई यात्रा कार्यक्रम भी जारी।
जयपुर। (रितु मेहरा) राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की महत्वाकांक्षी ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026’ का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर पहली विशेष ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना हुई। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर एवं रिबन काटकर ट्रेन को रवाना किया।
इस अवसर पर दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर आयोजित समारोह में भजनों और धार्मिक जयकारों के बीच तीर्थयात्रियों का उत्साह देखते ही बना। मंत्री ने यात्रा पर जा रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
“रामेश्वरम के दर्शन का सौभाग्य मुझे भी नहीं मिला”
समारोह को संबोधित करते हुए देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि रामेश्वरम की यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि ईश्वर की विशेष कृपा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वयं उन्हें भी अभी तक रामेश्वरम में दर्शन का अवसर नहीं मिला है, जबकि आज प्रदेश के वरिष्ठ नागरिक सरकार की इस योजना के माध्यम से यह सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशील सोच के कारण प्रदेश के बुजुर्ग बिना किसी आर्थिक चिंता के सम्मानपूर्वक देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा कर पा रहे हैं। उन्होंने यात्रियों से रामेश्वरम पहुंचकर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और देश की उन्नति के लिए प्रार्थना करने का आग्रह भी किया।
20 जुलाई को लौटेगी पहली यात्रा
देवस्थान विभाग के अनुसार यह विशेष ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां यात्रियों का एक दिन का प्रवास रहेगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को मदुरै ले जाकर प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा पूर्ण होने के बाद ट्रेन 20 जुलाई को जयपुर लौटेगी।
पहली यात्रा में 970 वरिष्ठ नागरिक
पहली तीर्थ यात्रा में प्रदेश के चार जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। इनमें—
- जयपुर – 161 यात्री
- कोटपूतली-बहरोड़ – 177 यात्री
- धौलपुर – 213 यात्री
- झालावाड़ – 419 यात्री
देवस्थान मंत्री ने बताया कि आगामी चरणों में 20 जुलाई को अजमेर, 24 जुलाई को जोधपुर तथा 30 जुलाई को उदयपुर से भी रामेश्वरम-मदुरै के लिए विशेष ट्रेनें रवाना की जाएंगी।
20 जुलाई से नेपाल के लिए हवाई यात्रा
देवस्थान मंत्री ने नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन हेतु हवाई यात्रा कार्यक्रम की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन नई दिल्ली से काठमांडू के लिए उड़ान संचालित होगी, जिसमें प्रतिदिन 44 वरिष्ठ नागरिक यात्रा करेंगे।
इस चरण में कुल 2,860 वरिष्ठ नागरिक पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे, जबकि शेष यात्रियों को दिसंबर माह में भेजा जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के विशेष इंतजाम
यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। 970 यात्रियों के साथ 30 सरकारी कर्मचारियों का दल भी भेजा गया है, जिसमें ट्रेन प्रभारी, अनुदेशक और चिकित्सा कर्मी शामिल हैं। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी।
इस अवसर पर जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, महामंत्री रेखा राठौड़, नवरत्न नाराणिया, सुरेंद्र पूर्ववंशी, आईआरसीटीसी के सीआरएम मुकेश सैनी, मैनेजर प्रदीप माहेश्वरी, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, महेंद्र देवतवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।