लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा/सत्यप्रकाश मयंक। शहर में श्री राम कथा के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा नैनवा रोड स्थित शिव मंदिर से बैंड-बाजों और भजन-कीर्तन के साथ रवाना हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु जय-जयकार करते हुए शामिल हुए।
कलश यात्रा सरदार सर्किल, ककोड गेट और न्यू मार्केट होते हुए राम रघुनाथ मंदिर पहुंची। कथा वाचक राधिका दीदी के साथ महिलाएं कलश सिर पर धारण किए चल रही थीं, जबकि कुलदीप सिंह रामचरितमानस की प्रतिकृति सिर पर रखे यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से कलश स्थापना की गई।
श्री राम कथा 18 दिसंबर तक आयोजित होगी, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक राधिका दीदी द्वारा कथा वाचन किया जाएगा। शोभायात्रा में राम रघुनाथ मंदिर महिला मंडल, धार्मिक संगठन, सनातन धर्म प्रेमी और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष भक्त शामिल रहे।