लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मीना बड़ौदा प्रकरण:
जयपुर में उपचार के दौरान तोड़ा दम
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर | बनी सिंह मीना
सवाई माधोपुर। मीना बड़ौदा गांव में तीन मासूम बच्चों के शव मिलने के सनसनीखेज मामले में लापता चल रही महिला का भी सुराग लग गया है। महिला ने कथित रूप से आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसकी उपचार के दौरान जयपुर में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 8 बजे महिला ने भरतपुर में सोगरिया एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को भरतपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर किया गया, जहां SMS Hospital में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले महिला के तीन बच्चों के शव घर के समीप मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में वजीरपुर थाना पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी। अब महिला की मौत के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।
पुलिस ने महिला के पति, देवर और सास को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्चों की मौत और महिला के आत्महत्या प्रयास के बीच संबंधों की गहन जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।