Home education SIH–2025 में SKIT जयपुर की “Innovate A’s” टीम ने जीता राष्ट्रीय प्रथम...

SIH–2025 में SKIT जयपुर की “Innovate A’s” टीम ने जीता राष्ट्रीय प्रथम पुरस्कार

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
स्मार्ट इंडिया हेकाथोन (SIH)–2025 के सॉफ्टवेयर एडिशन के राष्ट्रीय स्तरीय ग्रांड फिनाले में जयपुर स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SKIT) की छह सदस्यीय टीम “Innovate A’s” ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। टीम को ₹75,000 का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय यह ग्रांड फिनाले 8 एवं 9 दिसंबर को केईआईटी (KEIT) यूनिवर्सिटी, दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद नोडल सेंटर में आयोजित हुआ, जिसमें राजस्थान समेत देशभर के विभिन्न राज्यों के इंजीनियरिंग कॉलेजों की चयनित टीमों ने भाग लिया। सभी टीमों ने 36 घंटे तक लगातार अपने तकनीकी नवाचारों को विशेषज्ञों और मूल्यांकनकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किया।
टीम ‘Innovate A’s’ और उनका प्रोजेक्ट
पुरस्कार विजेता छह सदस्यीय टीम में शामिल थे—
अनुष्का सिंह, अनन्य सिंह चौधरी, आरची राठौड़, अनिरुद्ध सिंह नरूका, अमन जोशी और आदित्य सारड़ा।
टीम का मार्गदर्शन मेंटर  प्रांजल जैन ने किया।
टीम सदस्य अनन्य सिंह चौधरी ने बताया कि टीम ने गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए समस्या विवरण SIH25198 पर कार्य किया और डिजिटल फोरेंसिक जांच को बेहतर बनाने के लिए एक एआई-आधारित UFDR (Universal Forensic Extraction Device Report) टूल विकसित किया। यह टूल फोरेंसिक एक्सट्रैक्शन रिपोर्ट का स्वचालित विश्लेषण कर जांच प्रक्रिया को तेज और अधिक सटीक बनाता है।
टीम की सदस्य अनुष्का सिंह ने बताया कि 36 घंटे के इस हैकाथॉन में कुल तीन मेंटरिंग सेशन और तीन मूल्यांकन चरण शामिल थे। इनमें समस्या की गहन समझ, टूल व टेक्निकल ट्रेनिंग, वर्कफ़्लो डिज़ाइन और फोरेंसिक विश्लेषण मॉड्यूल्स के एकीकरण जैसे पहलुओं पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया। गृह मंत्रालय के अधिकारी और मूल्यांकन विशेषज्ञ लगातार मार्गदर्शन देते रहे, जिससे प्रोजेक्ट को वास्तविक उपयोग के लिए और बेहतर बनाने में मदद मिली।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद मिली जीत
लगातार घंटों तक चले विचार-मंथन, डिबगिंग और सुधार के बाद टीम ने अपना अंतिम प्रोजेक्ट जमा किया। परिणाम घोषित होने पर Innovate A’s को संयुक्त विजेता घोषित किया गया और ₹75,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह उपलब्धि न केवल SKIT जयपुर के लिए गौरव की बात है, बल्कि राजस्थान के युवाओं की तकनीकी क्षमता और नवाचार कौशल का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version