Home latest समर कैंप 2026 (महिला वर्ग) का भव्य शुभारंभ

समर कैंप 2026 (महिला वर्ग) का भव्य शुभारंभ

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों से निखरेंगी प्रतिभाएं, खेल के साथ व्यक्तित्व विकास पर रहेगा विशेष फोकस

कोटपूतली-बहरोड़ ।
अलवर सांसद खेल उत्सव 2025-26 के अंतर्गत आयोजित “समर कैंप 2026” (महिला वर्ग) का शनिवार को आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, बहरोड़ में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव और उपमुख्यमंत्री एवं वित्त, पर्यटन, सार्वजनिक निर्माण, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता मंत्री दिया कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षकों, चयनित प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

खेल राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम : भूपेंद्र यादव

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद खेल उत्सव और समर कैंप जैसे प्रयासों का उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल अधोसंरचना के विकास के तहत हॉकी एस्ट्रोटर्फ, कुश्ती स्टेडियम, रनिंग ट्रैक और खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं।

भूपेंद्र यादव ने बताया कि ग्रामीण शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए 133 ई-लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों के 47 क्लस्टर कार्यालय भवनों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने सिलीसेढ़ झील को बर्ड वॉचिंग केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया।

समर कैंप युवाओं को आत्मविश्वास देता है : दिया कुमारी

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सांसद खेल उत्सव और समर कैंप जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें सही दिशा देने का सशक्त मंच हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सक्षम हो रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि समर कैंप 2026 भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

609 प्रतिभाओं का चयन, 400 खिलाड़ी ले रहे भाग

इस वर्ष सांसद खेल उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 609 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन समर कैंप 2026 के लिए किया गया है, जिनमें से 400 खिलाड़ी वर्तमान में कैंप में भाग ले रहे हैं।

पिछले वर्ष 2025 में आयोजित प्रथम समर कैंप में 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जबकि इस बार प्रतिभागियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

खेल के साथ व्यक्तित्व विकास पर जोर

समर कैंप में खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ संतुलित आहार, फिजियोथेरेपी, तकनीकी प्रशिक्षण और मानसिक मजबूती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, आत्मरक्षा, मासिक धर्म स्वच्छता और लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

प्रतिभाओं का सम्मान और आगामी आयोजन की घोषणा

कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की पदक विजेता खिलाड़ियों कोमल भाटी एवं अनंत सोनी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समर कैंप को जीवन बदलने वाला अवसर बताया।

मुख्य अतिथियों ने इस दौरान अलवर टाइगर मैराथन की तिथि 7 फरवरी घोषित की।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विधायक देवी सिंह शेखावत, विधायक कुलदीप धनखड़, विधायक सुखवंत सिंह, पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला अध्यक्ष महासिंह, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक जय राम जाटव, राजस्थान क्रिकेट संघ अध्यक्ष मोहित यादव, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सांगवान, प्रधान सविता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version