लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सांभर झील (डब्ल्यू गोस्वामी एंकर) – सांभर साल्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित सांभर साल्ट्स प्रीमियर लीग (SSPL) सीजन-1 का भव्य उद्घाटन शुक्रवार रात्रि को सांभर साल्ट्स क्रिकेट ग्राउंड में हुआ। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा लेंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संदीप टांक, समूह महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) और उपखंड अधिकारी ऋषि राज कपिल द्वारा दीप प्रज्वलित कर और बल्लेबाजी कर किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का संदेश दिया और जीत-हार से ऊपर उठकर सौहार्दपूर्ण खेल का आह्वान किया।
अतिथियों का स्वागत राजस्थानी परंपरा अनुसार साफा पहनाकर किया गया। मंच संचालन मुख्य प्रबंधक दिलबाग सिंह और विक्रम सिंह ने किया। कार्यक्रम में जीएम कमांडर सतीश डी. चौथनकर, विष्णु गोयल, राहुल काला, कल्याण चौधरी, अनिल गट्टानी, सांभर हेरिटेज के जीएम विनोद मीणा, समाजसेवी बाबूलाल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। रंगीन रोशनी और आतिशबाजी ने उद्घाटन समारोह को और भी उत्सवमय बना दिया।
पहला मुकाबला: आर.जे. 11 सांभर की शानदार जीत
उद्घाटन मैच में आर.जे. 11 सांभर और श्री श्याम क्लब फुलेरा के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए आर.जे. 11 ने 10 ओवर में 105 रन बनाए। जवाब में श्री श्याम क्लब फुलेरा की टीम 62 रन पर सिमट गई। इस प्रकार आर.जे. 11 ने 43 रन से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की।
आकर्षक पुरस्कारों ने बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता में नकद पुरस्कार और मोटरसाइकिल इनाम भी रखा गया है। बीएलजी नमक कंपनी के प्रमुख बाबूलाल गुप्ता ने घोषणा की कि विजेता टीम को ₹1,11,111 का प्रथम पुरस्कार मिलेगा। वहीं, मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ी को सांभर हेरिटेज द्वारा प्रायोजित मोटरसाइकिल भेंट की जाएगी। इन पुरस्कारों ने खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच जोश और रोमांच को और बढ़ा दिया।