Home latest रीवा जैन साध्वी घटना के विरोध में सकल जैन समाज ने सौंपा...

रीवा जैन साध्वी घटना के विरोध में सकल जैन समाज ने सौंपा ज्ञापन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

चौमहला, झालावाड़। मध्यप्रदेश के रीवा में जैन साध्वियों के साथ हुई हृदयविदारक घटना को लेकर सकल जैन समाज में गहरा रोष एवं शोक व्याप्त है। घटना में दो साध्वियों के निधन तथा अन्य साध्वियों के गंभीर रूप से घायल होने से समाजजन आहत हैं। इस दुखद हादसे के विरोध में सकल जैन समाज चौमहला द्वारा प्रधानमंत्री के नाम गंगधार उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
समाजजन जैन स्थानक से बाइक रैली के रूप में रवाना हुए। इसके बाद गंगधार पुलिस थाने से गंगधार उपखंड कार्यालय तक पैदल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित समाजजनों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जैन संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में रीवा घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, घायल साध्वियों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने तथा देशभर में विहाररत जैन साधु-संतों की सुरक्षा हेतु विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर संतों के विहार मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था, संकेतक एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग भी की गई।
इस दौरान चौमहला एवं गंगधार क्षेत्र के जैन समाज के बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version