लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दिल्ली में आयोजित 17वें एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड समारोह में उत्तर प्रदेश और गुजरात हुए सम्मानित, प्राकृतिक खेती अपनाने का दिया संदेश
जयपुर/नई दिल्ली | (रितु मेहरा) राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 17वें राष्ट्रीय एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश और गुजरात को प्रमुख श्रेणियों में एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड प्रदान किए गए। दोनों राज्यों की ओर से उनके कृषि मंत्रियों ने सम्मान ग्रहण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धरती की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने और स्वास्थ्यवर्धक फसलों के उत्पादन के लिए प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि कृषि न केवल देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि उद्योगों को कच्चा माल उपलब्ध कराकर अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देती है। आज भी देश की लगभग आधी आबादी की आजीविका कृषि पर निर्भर है और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों का योगदान 18 प्रतिशत से अधिक है।
राज्यपाल ने कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि हरित क्रांति के माध्यम से देश खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बना। अब समय आ गया है कि किसानों को मिट्टी की उर्वरता बचाने और पोषक फसलों के उत्पादन के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने जैविक खेती की तुलना में प्राकृतिक खेती को अधिक प्रभावी बताते हुए इसके प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता जताई। साथ ही वर्षा जल संरक्षण, कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर कृषि क्षेत्र को और अधिक समृद्ध बनाने पर जोर दिया।