लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जन-सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास पर रहेगा विशेष फोकस : डीजीपी राजीव कुमार शर्मा
जयपुर | (आर.एन. सांवरिया)
राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने वर्ष 2026 के लिए राजस्थान पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि जन-सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को केंद्र में रखते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं तकनीक-सक्षम बनाया जाएगा।
डीजीपी शर्मा ने कहा कि बदलती चुनौतियों के अनुरूप पुलिस तंत्र में सुधार और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
अपराध संबंधी प्राथमिकताएँ
डीजीपी शर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 में अपराध नियंत्रण को लेकर निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा—
-
संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त और निर्णायक कार्रवाई
-
महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम सर्वोच्च प्राथमिकता
-
मामलों में त्वरित कार्रवाई एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करना
-
सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को मजबूत कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कदम
-
बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम तथा तकनीकी रूप से सक्षम अनुसंधान पर विशेष जोर

प्रशासनिक प्राथमिकताएँ
प्रशासनिक स्तर पर प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए डीजीपी शर्मा ने कहा—
-
जनसहभागिता के माध्यम से पुलिस-जन संबंधों को और सशक्त किया जाएगा
-
पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने पर जोर
-
पुलिस कार्यों में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग से कार्यकुशलता में वृद्धि
-
पुलिस कार्मिकों की कार्यदशा, कल्याण और दक्षता में सुधार हेतु निरंतर प्रयास
-
पुलिस परिसरों में सामुदायिक सेवाओं को बढ़ावा देकर समाज से सहभागिता को नई दिशा
कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 में इन प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राजस्थान पुलिस और अधिक जनहितकारी, सक्षम एवं उत्तरदायी बनेगी तथा राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।