लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कई बड़े विकास एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर दौरे पर रहेंगे। इस अवसर पर वे 9 से 14 साल की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री केंद्रीय और राज्य सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ उपस्थित रहेंगे।
एचपीवी टीकाकरण अभियान
एचपीवी टीकाकरण अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य किशोरियों को प्रारंभिक अवस्था में ही टीका देकर सर्वाइकल कैंसर से बचाना और महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने और बीमारी से पहले रोकथाम को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
16,686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
प्रधानमंत्री इस अवसर पर शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 16,686 करोड़ रुपये की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें करीब 8,554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ी लगभग 8,132 करोड़ रुपये की 9 परियोजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसमें 4,516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के साथ बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन, जयपुर में सांगानेर फ्लाईओवर और जोधपुर में 4 लेन एलीवेटेड रोड समेत कई प्रमुख सड़क एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं।
पेयजल एवं नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं
प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना के 1,021 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 4 पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2,247 करोड़ रुपये के 5 पैकेजों की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन केंद्रों से बिजली के सुगम पारेषण के लिए 3,616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण और 220 केवी के 5 एवं 400 केवी के 2 ग्रिड सब-स्टेशन का शिलान्यास करेंगे।
रोजगार सृजन और नियुक्ति पत्र वितरण
प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। इनमें 3,320 से अधिक पटवारी (राजस्व), 2,291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और लेखा सहायक, 2,590 पशुधन सहायक, 3,822 सीएचओ, 7,357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी और अन्य संबंधित पदों के लिए नियुक्तियां शामिल हैं।
यह दौरा न केवल स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल का अवसर है, बल्कि युवाओं को रोजगार और राज्य के समग्र विकास में भागीदारी का भी संदेश देता है।