लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रताप नगर सेक्टर-9 में हाईवोल्टेज प्रदर्शन, कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने टंकी पर लगाया पोस्टर
जयपुर। प्रताप नगर सेक्टर-9 में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चार महिलाएं और एक पुरुष पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभालने में जुट गईं।
सुरक्षा के मद्देनजर पानी की टंकी के नीचे जाल बिछाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीमों की ओर से टंकी पर चढ़े लोगों से लगातार समझाइश की जा रही है।
जेडीए और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर प्रदर्शन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी जेडीए और जमीन से जुड़े कामकाज को लेकर कार्रवाई नहीं होने से नाराज हैं। अपनी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व डिप्टी मेयर पूर्णित कर्णावत के विरोध में भी नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने पानी की टंकी पर कर्णावत का पोस्टर भी लगा दिया।
मौके पर पुलिस-एसडीआरएफ की मौजूदगी
घटना की सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ के साथ सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंची। टंकी के नीचे सुरक्षा जाल लगाए जाने के साथ ही प्रदर्शनकारियों को नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मौके पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और समझाइश का दौर जारी है।
