लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर |
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जीएसटी काउंसिल द्वारा दरों का सरलीकरण कर आमजन को राहत देने के निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेश के 8 करोड़ जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
शर्मा ने कहा कि इस सरलीकरण से गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, व्यापारी और उद्योगपति सहित सभी वर्गों को लाभ मिलेगा और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब चार दरों के स्थान पर केवल दो दरें लागू होंगी। यह निर्णय रोटी, कपड़ा, मकान जैसी बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पंडित दीनदयाल उपाध्याय और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अंत्योदय की परिकल्पना को साकार कर अंतिम पायदान के व्यक्ति तक अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डबल इंजन सरकार जनकल्याण के लिए लगातार कार्यरत है और आगामी दीपावली इस सरलीकरण के कारण और खास होगी।
