लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)।
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देने के उद्देश्य से ‘मेरी माटी, मेरा पौधा’ थीम के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने मिलकर विद्यालय परिसर एवं गमलों में कुल 42 पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि विद्यालय की छात्राओं ने अपने-अपने खेतों और घरों के आसपास से थोड़ी-थोड़ी मिट्टी लाकर विद्यालय में एकत्रित की। इसी मिट्टी का उपयोग कर 21 गमलों और विद्यालय परिसर में 21 स्थानों पर पौधे लगाए गए। इस अनूठी पहल के माध्यम से छात्राओं में पर्यावरण के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का प्रयास किया गया। 
विद्यालय के प्राचार्य लालचंद सोनी ने प्रार्थना सभा में छात्राओं को संबोधित करते हुए पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं।
कार्यक्रम में पर्यावरणविद् दर्शन नंदन पांडेय ने विद्यालय को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए। विद्यालय परिवार ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यालय समय के बाद परिसर में आने वाले बंदरों द्वारा पौधों को नुकसान पहुंचाने की समस्या रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार ऐसे पौधों का चयन किया गया, जिन्हें बंदरों से अपेक्षाकृत कम नुकसान होने की संभावना है।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के रूपचंद मीणा, पुखराज मीणा, पवन कुमार जांगिड़, हिना खानम, रामेश्वर गुर्जर, पूजा देवी, वर्षा वर्मा, मुकेशी बाई मीणा, अर्चना दीया, मोहनलाल वर्मा, कपिल कुमार, राहुल मेहर, हरिशंकर बेरवा एवं हर्षन्ना श्रीवास्तव सहित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।