लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगापुर सिटी सवाई माधोपुर -बनी सिंह मीना
गंगापुरसिटी । मीना बड़ौदा गांव में तीन मासूम बच्चों के शव मिलने के सनसनीखेज मामले में लापता चल रही महिला का भी सुराग लग गया है। महिला ने कथित रूप से आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 8 बजे महिला ने भरतपुर में सोगरिया एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। आत्महत्या के प्रयास में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को गंभीर हालत में भरतपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। वहां एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले महिला के तीन बच्चों के शव घर के समीप मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में वजीरपुर थाना पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी। अब महिला की मौत के बाद प्रकरण ने और भी गंभीर रूप ले लिया है। फिलहाल पुलिस ने महिला की पति,देवर और सास को डिटेन कर लिया है। और घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है ।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और बच्चों की मौत व महिला के आत्महत्या प्रयास के बीच संबंधों की गहन पड़ताल की जा रही है। गांव में मातम का माहौल है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं।
