लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर. सवाई माधोपुर। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए महिला आरक्षण बिल के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सवाई माधोपुर जिला अध्यक्ष एवं विधायक इंदिरा मीणा तथा महिला बिल संशोधन की जिला प्रभारी एवं पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष ममता शर्मा ने आज एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। विधायक इंदिरा मीणा ने दोटूक शब्दों में आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में भारतीय जनता पार्टी देश की महिलाओं और भारतीय संविधान के साथ एक बड़ा षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार महिला आरक्षण का झुनझुना थमाकर असल में संविधान की मूल भावना को ही समाप्त करना चाहती है, जिसकी मंशा पूरी तरह संदिग्ध है।
ममता शर्मा ,अशोक बैरवा ने साधा निशाना
विधायक ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए खुलासा किया कि आरक्षण की आड़ में रची जा रही इस साजिश का मुख्य उद्देश्य दलित, पिछड़े और आदिवासी समुदायों के अधिकारों को छीनना है। इस दौरान जिला प्रभारी ममता शर्मा ने पुरजोर तरीके से स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार को ओबीसी (OBC), अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग की महिलाओं के हक की चोरी कतई नहीं करने देगी। उन्होंने मांग की कि बिना इन वर्गों के लिए ‘कोटा के भीतर कोटा’ यानी उप-कोटा (Sub-quota) सुनिश्चित किए, यह आरक्षण अधूरा है और पूरी तरह सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है। विधायक इंदिरा मीणा ने प्रेस के माध्यम से कांग्रेस का संकल्प दोहराते हुए कहा कि पार्टी 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून को बिना किसी देरी के लागू करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य लोकसभा और विधानसभाओं में जल्द से जल्द 33 प्रतिशत सीटों पर महिला शक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि देश की नीति निर्धारण में महिलाओं की वास्तविक और प्रभावी भूमिका हो सके। मीडिया प्रभारी अमन खान ने जानकारी दी कि इंदिरा मीणा ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि यदि भाजपा ने अपनी ‘देरी करने की नीति’ और षड्यंत्रकारी रवैया नहीं बदला, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनता के बीच इस सच्चाई का पर्दाफाश करेंगे। “महिलाओं के सम्मान में, कांग्रेस मैदान में” के नारे के साथ पार्टी ने इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का आह्वान किया है। इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक अशोक बैरवा, कांग्रेस , सवाई माधोपुर प्रधान निरमा मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष गिर्राज गुर्जर, संगठन महामंत्री राजेश पहाड़िया, नगर अध्यक्ष मोहन मंगल सहित जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे। इस आयोजन ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस आने वाले समय में महिला आरक्षण के मुद्दे पर मोदी सरकार की घेराबंदी तेज करेगी।
