लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर, लोसल: लोसल कस्बे में 51 कुंडीय श्री गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव का आयोजन 30 दिसंबर से किया जाएगा। इसकी शुरुआत को लेकर सोमवार दोपहर को श्याम हवेली परिसर में भूमि पूजन संपन्न हुआ। गायत्री परिवार के राम सिंह राठौड़ (चूरू) ने विधिवत पूजा अर्चना के साथ भूमि पूजन किया। इस अवसर पर कस्बे के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
महायज्ञ अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांति कुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित होगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 30 दिसंबर को प्रातः देव पूजन के साथ महायज्ञ शुरू होगा, जबकि 31 दिसंबर की शाम को दीप यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति 1 जनवरी को होगी, उसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।
महायज्ञ शुभारंभ से पहले 29 दिसंबर को दोपहर रामानंद आश्रम बाबा परमानंद धाम से गाजे-बाजे के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर श्याम हवेली तक कलश यात्रा निकाली जाएगी।