लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पटवारी ने सौंपी मौका रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज किया मामला
पादूकलां।
पादूकलां थाना क्षेत्र में एक किसान के खेत में अज्ञात कारणों से लगी आग से कृषि उपकरण जलकर राख हो गए। घटना में किसान को करीब 1.50 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। पीड़ित किसान की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं राजस्व विभाग की ओर से पटवारी ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेज दी है।
पुलिस के अनुसार पादूकलां निवासी मइनुद्दीन पुत्र लाल मोहम्मद (57) ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसके खेत में बने बाड़े में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वहां रखे कृषि कार्य में उपयोग आने वाले उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बैटरी, स्टार्टर, ड्रिप पाइपलाइन, बिजली के तार, लाइट सहित अन्य कृषि सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी।
पटवारी ने तैयार की नुकसान की रिपोर्ट
घटना के बाद राजस्व विभाग के पटवारी बलराम ताडा ने 14 जुलाई को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नुकसान की मौका रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में ड्रिप पाइपलाइन के करीब 50 हजार रुपए, मोटर, स्टार्टर और बिजली संबंधी सामग्री के करीब 60 हजार रुपए तथा अन्य कृषि उपकरणों के करीब 40 हजार रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है।
इस तरह किसान को कुल लगभग 1.50 लाख रुपए की आर्थिक क्षति होना दर्ज किया गया है।
मुआवजे की मांग, पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
