लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विभिन्न विभागों ने मौके पर ही किए कार्यों का निस्तारण
गंगधार | कोल्वी उर्फ मंडी राजेन्द्रपुर चौमहला
राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन की भावना के अनुरूप ग्राम पंचायत गंगधार एवं कोल्वी उर्फ मंडी राजेन्द्रपुर चौमहला में ग्रामीण सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश चंदेलिया, तहसीलदार गणेश खंगार, ग्राम पंचायत प्रशासक प्रहलाद सिंह, प्रेमलता बाई सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया। प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया।
राजस्व विभाग ने किए सैकड़ों प्रकरणों का निस्तारण
शिविर में राजस्व विभाग की ओर से ग्रामीणों को बड़ी राहत दी गई। विभाग ने 2 सहमति विभाजन, 136 नामांतरण, 25 सीमाज्ञान, 44 फार्मर आईडी, धारा 136 के तहत 29 शुद्धीकरण प्रकरण, 56 जाति एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र, 3 आवंटन तथा 5 रास्ता संबंधी प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया।
अन्य विभागों ने भी दी सेवाएं
पंचायती राज विभाग द्वारा 6 जन आधार कार्डों में नाम जोड़ने की कार्रवाई की गई, जबकि वीबीजी राम योजना के तहत 5 विकास कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त किए गए।
वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों को 10 पौधों का वितरण किया। वहीं पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को लाभ पहुंचाते हुए मंगला पशु बीमा योजना के तहत 15 बीमा पॉलिसियों का वितरण किया।
कृषि विभाग ने वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने और भूमि की उर्वरता जांचने के उद्देश्य से 153 कृषकों के मिट्टी के नमूने एकत्र किए।
ग्रामीणों ने की प्रशासनिक पहल की सराहना
शिविर में ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने और समस्याओं का त्वरित समाधान होने पर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की पहल की सराहना की।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन लगातार जनसमस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और अंतिम व्यक्ति तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।