लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
-फुलेरा, जयपुर ग्रामीण से -डब्लू गोस्वामी की रिपोर्ट
फुलेरा-सांभर में अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने मिलकर लगाए सैकड़ों पौधे*
-राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे “हरियालो राजस्थान” मिशन के तहत आज प्रदेशभर में ढाई करोड़ पौधे लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में फुलेरा और सांभर क्षेत्र में ब्लॉक लेवल पर भी वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ उपखंड अधिकारी ऋषि राज कपिल, तहसीलदार कृष्ण शर्मा, पालिकाध्यक्ष बालकिशन जांगिड़, दिनेश दुलारिया, गोपाल सिंह पवार, उपेंद्र वर्मा और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
हरियालो राजस्थान अभियान में लगाए सैकड़ों पौधे
राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान मिशन के अंतर्गत रविवार को फुलेरा उपखंड क्षेत्र में 76 वां वन महोत्सव के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपखंड कार्यालय परिसर, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने सैकड़ों पौधे रोपे। सांभर में नवनियुक्त उपखंड अधिकारी ने स्कूली बच्चों और कर्मचारियों के साथ वृक्षारोपण कर सभी को पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प से प्रेरित होकर चलाया जा रहा है, जिसके तहत आगामी 5 वर्षों में प्रदेश में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
