लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के निर्देशानुसार मेड़ता न्याय क्षेत्र के राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, डोडियाना में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में अधिकार मित्र (पैरा लीगल वॉलेंटियर) जुगल सिंह सोलंकी ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि आज ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, यूपीआई फ्रॉड, गेमिंग ऐप के जरिए ठगी और फर्जी लिंक के माध्यम से लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने छात्राओं को सख्त सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें। साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि रोकी जा सके।
शिविर में मजबूत पासवर्ड का उपयोग, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, संदिग्ध लिंक से दूरी रखने और अज्ञात ऐप डाउनलोड न करने जैसे डिजिटल सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं ने भी सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक प्रदीप शर्मा, श्रीमती किरण बारहट, अंजू चौधरी, प्रेमलता आत्रैय, शोभा देवी, अनुराधा, संतोष चौधरी और पलक लटियाल सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।