लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एं ग्रामीणों ने 33/11 केवी जीएसएस और पशु चिकित्सालय की मांग उठाई
पादूकलां (नागौर)। सेवा पखवाड़ा के तहत बिखरनियाकलां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक ओर 22 विभागों ने एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने बिजली संकट और पशु चिकित्सालय जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं से जुड़े कार्यों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
ग्राम विकास अधिकारी चेनाराम भाटी ने बताया कि शिविर के दौरान चार स्वामित्व पट्टों का वितरण किया गया। इसके अलावा 25 शौचालय, 10 प्रधानमंत्री आवास योजना, 25 पेंशन सत्यापन, पांच पालनहार सत्यापन, एक नामांतरण तथा सात शुद्धिकरण प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।
शिविर में ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से बनी बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर नया 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) स्थापित करने की मांग रखी। साथ ही पशुपालकों की सुविधा के लिए गांव में पशु चिकित्सालय खोलने हेतु भूमि आवंटित करने की मांग का ज्ञापन भी अधिकारियों को सौंपा गया।
शिविर में प्रशासक राजू देवी लोमरोड़, प्रशासक प्रतिनिधि भीयाराम लोमरोड़, डेगाना नायब तहसीलदार रामनारायण, सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक सहित 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीण सेवा शिविर का उद्देश्य आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रशासनिक सेवाओं को गांव स्तर पर उपलब्ध कराना था। हालांकि, शिविर ग्रामीणों के लिए अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने का भी प्रभावी मंच बना। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि बिजली व्यवस्था में सुधार और पशु चिकित्सालय की मांग पर प्रशासन कितनी जल्द कार्रवाई करता है।