Home accident बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बकरों से भरी पिकअप पलटी

बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बकरों से भरी पिकअप पलटी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीसांगन (अजमेर)।
स्थानीय संवाददाता : ओमप्रकाश चौधरी

पीसांगन उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला में अजमेर रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बकरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान के बाहर लगे पेड़ से टकराकर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब तेज गति से आ रही पिकअप के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे जाकर पलट गई। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

ग्रामीणों में रोष, स्पीड ब्रेकर की उठाई मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि अजमेर रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने भविष्य में हादसों की रोकथाम के लिए सड़क पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की।

प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पीसांगन तहसीलदार भागीरथ चौधरी तथा हेड कांस्टेबल छोटूराम कारबाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थिति को शांत कराया।

तहसीलदार भागीरथ चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि संबंधित विभाग को अवगत कराकर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग पर भी विचार किया जाएगा।

क्रेन की मदद से हटाया गया वाहन

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन की मौजूदगी में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात पुनः सुचारू हो सका।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version