लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। लघु उद्योग भारती भीलवाड़ा और स्वनीति ईनिटिएटिव ने उद्योगों में ऊर्जा बचत, आधुनिक और कम लागत वाली तकनीक, सरकारी योजनाओं और ग्रीन एनर्जी के अवसरों पर सेमिनार का आयोजन किया।
सेमिनार में सीनियर स्टेटजिक एड्वाइजर डॉ. भास्कर नटराजन और उनकी टीम ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से ऊर्जा बचत की आवश्यकता, ऊर्जा संसाधन ऑडिट, कुशल उपकरण और तकनीकी अपग्रेड के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. नटराजन ने कहा कि पर्यावरण अनुपालन द्वारा ऊर्जा बचत के शानदार परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है। वहीं, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महासचिव ओम प्रकाश गुप्ता ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और संगठन को मजबूत करने के लिए अपने प्रयासों को बढ़ाएं।
सेमिनार में जयंती गोयला ने नेट जीरो के महत्व पर अपने विचार साझा किए। इसके अलावा, राष्ट्रीय महामंत्री ओम प्रकाश गुप्ता ने चित्तौड़ रोड स्थित मानोमय इंडिया औद्योगिक परिसर का निरीक्षण कर, भीलवाड़ा इकाई के कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक कर संगठन को और ऊंचाइयों पर ले जाने के टिप्स दिए। उन्होंने सदस्यों से महीने में कम से कम 10 घंटे समय देने और कम से कम एक प्रोजेक्ट लघु उद्योग भारती को समर्पित करने का निवेदन किया।
सेमिनार में जिला उद्योग केंद्र, विद्युत वितरण निगम, राज्य कर्मचारी बीमा, पॉल्यूशन बोर्ड, सिडबी और सोलर उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के संयोजक ओम प्रकाश जागेटिया, सह संयोजक कमलेश मुणोत, महिला इकाई की अध्यक्षा पल्लवी लढा, ग्रोथ सेंटर इकाई के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, और भीलवाड़ा इकाई के अध्यक्ष शंभू प्रसाद काबरा सहित अनेक कार्यकारिणी सदस्य और उद्योगपति उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम का सफल संचालन सुमित जागेटिया और कविता जागेटिया ने किया। कार्यक्रम में किशनगढ़, आसींद, बिजोलिया और गंगापुर से भी सदस्य शामिल हुए।
सेमिनार के माध्यम से उद्योगों को ऊर्जा बचत, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए जागरूक किया गया और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के मार्ग भी सुझाए गए।
