Home latest बीकानेर में ग्रेन इंडस्ट्री एक्सपो का शुभारम्भ

बीकानेर में ग्रेन इंडस्ट्री एक्सपो का शुभारम्भ

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 — औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की पहल

बीकानेर | (विजय कपूर)  तीन दिवसीय ग्रेन इंडस्ट्री एक्सपो का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज बीकानेर के मैदान में हुआ। उद्घाटन समारोह में जेठानंद व्यास (विधायक, बीकानेर पश्चिम), नम्रता वृष्णि (जिला कलक्टर), सुरेन्द्र वर्मा (प्राचार्य, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज), रामेश्वरानंद (अधिष्ठाता, श्री ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम) तथा द्वारका प्रसाद पचीसिया (अध्यक्ष, बीकानेर जिला उद्योग संघ) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 बीकानेर में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं

विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि बीकानेर में परंपरागत उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक के जुड़ने से उद्योगों को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। अत्याधुनिक मशीनों से न केवल पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन में सुधार होगा बल्कि स्थानीय उद्यमियों को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त भी मिलेगी।

जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जिले के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राइजिंग राजस्थान जैसे आयोजनों ने औद्योगिक माहौल को सशक्त किया है। बीकानेर में ऐसे एक्सपो से उद्यमियों को तकनीकी प्रगति से जुड़ने का अवसर मिलता है।”

  फूड इंडस्ट्री का हब बन रहा बीकानेर

बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने बताया कि बीकानेर फूड इंडस्ट्री का हब बनता जा रहा है। मेगा फूड पार्क और गैस पाइपलाइन की मंजूरी के बाद बड़ी कंपनियों का रुझान यहां बढ़ा है। यह एक्सपो स्थानीय उद्यमियों को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।

जय किशन अग्रवाल (अध्यक्ष, बीकानेर दाल मील्स एसोसिएशन) ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में पंजाब, गुजरात, कर्नाटक, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के मशीनरी निर्माताओं की 60 स्टॉल लगाई गई हैं। उद्देश्य है — स्थानीय उद्योगों को नई प्रोसेसिंग और पैकेजिंग तकनीकों से परिचित कराना।

 अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन

इवेंट डायरेक्टर बृजलाल भारद्वाज और पवन भारद्वाज ने बताया कि 10 से 12 अक्टूबर तक आयोजित एक्सपो में अनाज, दाल, तेल, चावल, मसाले, पोहा और मूंगफली दानों की प्रोसेसिंग के लिए आधुनिक मशीनों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

इस अवसर पर अशोक गहलोत (सचिव, बीकानेर दाल मील्स एसोसिएशन), दीपक अग्रवाल (बीकाजी), गोविंद ग्रोवर (अध्यक्ष, राजस्थान रोलर फ्लोर मिल्स एसोसिएशन), राजकुमार पचीसिया, नरेश मित्तल, विजय कुमार थिरानी, दिनेश जैन (उपाध्यक्ष, मूंगफली दाना एसोसिएशन) सहित बड़ी संख्या में उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 यह एक्सपो बीकानेर को औद्योगिक प्रगति के नए आयामों से जोड़ने, स्थानीय उद्यमियों को नई तकनीक उपलब्ध कराने और क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version