लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिव ध्वजारोहण और भव्य शोभायात्रा निकाली
रिपोर्टर: दुर्योधन मयंक
उनियारा। उपखंड क्षेत्र के बनेठा में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की शाखा में 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव हर्षोल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। इस अवसर पर शिव ध्वजारोहण एवं भव्य शिव संदेश शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और संस्थान से जुड़े भाई-बहनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर शिव ध्वजारोहण से हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने विश्व शांति और आत्म-जागृति का संकल्प लिया। इसके बाद निकाली गई शिव संदेश शोभायात्रा, स्वर्णिम भारत का संदेश देते हुए पुष्पवर्षा के बीच बनेठा की प्रमुख गलियों और मुख्य बाजार से होकर गुजरी। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने तिलक और पुष्पमालाओं से ब्रह्माकुमारी दीदियों का अभिनंदन किया।
शोभायात्रा में सबसे आगे भारत माता और ब्रह्माकुमारी बहनें राष्ट्रध्वज एवं शिवध्वज लेकर चल रही थीं। उनके पीछे भगवान शिव की आकर्षक झांकी सजी थी। मार्ग में कई स्थानों पर शिव ध्वजारोहण भी किया गया। शोभायात्रा में दो कुमारियों द्वारा प्रस्तुत आध्यात्मिक नृत्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में टोंक सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अपर्णा दीदी, पुरानी टोंक सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी ऋतु दीदी, स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अनीता दीदी, ब्रह्माकुमारी गुंजन दीदी, राजयोगी बीके पांचू भाई तथा दिशा कमेटी सदस्य ओम प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे।
टोंक सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अपर्णा दीदी ने कहा कि जिस प्रकार श्रद्धालु शिवलिंग पर बेलपत्र, बेर, भांग, धतूरा और जल अर्पित करते हैं, उसी प्रकार यदि मनुष्य अपने जीवन की बुराइयों—काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार और द्वेष—को परमपिता परमात्मा शिव को समर्पित कर दे, तो वास्तविक कल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि सच्ची शिव जयंती तभी सार्थक है जब व्यक्ति जीवन में निरंतर जागरूकता, आत्मचिंतन और सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प ले।
पुरानी टोंक सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी ऋतु दीदी ने राजयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को राजयोग का अनुभव कराया। उन्होंने बताया कि नियमित राजयोग अभ्यास से मन में शांति, स्थिरता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
दिशा कमेटी सदस्य ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था विश्वभर में शांति और नैतिक मूल्यों के प्रसार का कार्य कर रही है, जो सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अनीता दीदी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए ईश्वरीय सौगात भेंट की और स्नेहपूर्वक ब्रह्माभोजन कराया।