लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों पर किया जागरूक
समदड़ी/बालोतरा। राज्य सरकार के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बालोतरा जिले में स्टेक होल्डर्स मीटिंग एवं छात्र-छात्राओं के साथ ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता, हेल्पलाइन सेवाओं और महिला अधिकारों से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह (आरपीएस) ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ ऑनलाइन संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जेंडर सेंसिटाइजेशन विकसित करना तथा उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
बैठक में बालोतरा उपखंड अधिकारी राजेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनिधि एवं अन्य स्टेक होल्डर्स मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राजकॉप ऐप, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा, महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना, वरिष्ठजन संबल योजना, महिला बीट अधिकारी योजना, विशाखा गाइडलाइन, कार्यस्थल पर महिलाओं के संरक्षण, लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम, पॉक्सो नियमों तथा गिग वर्कर्स के सत्यापन एवं एग्रीगेटर पंजीकरण से जुड़े नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों से महिला सुरक्षा को लेकर आपसी समन्वय मजबूत करने और जनजागरूकता अभियान को अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।