लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एएसपी आशाराम चौधरी के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई, खनन विभाग को भेजी गई सूचना
पादूकलां। जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पादूकलां और थांवला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार पादूकलां थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गईं। इनमें से 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध बजरी से भरी हुई थीं, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
वहीं, थांवला थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं। पुलिस ने सभी जब्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
खनन विभाग को दी गई सूचना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचना भेज दी गई है। विभागीय जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और बजरी परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इस कार्रवाई में पादूकलां थानाधिकारी उमा शंकर एवं उनकी टीम तथा थांवला थानाधिकारी अशोक कुमार एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।