लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नांवा में अधिवक्ताओं का उग्र विरोध, न्यायालय परिसर में हंगामा; अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
डीडवाना / नांवा (मनीष पारीक)। उपखंड मुख्यालय नांवा में गुरुवार को अभिभाषक संघ के बैनर तले अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान न्यायालय परिसर में हंगामा करते हुए अधिवक्ताओं ने उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
बताया जा रहा है कि बुधवार को उपखंड न्यायालय नांवा में हुई एक विवादित घटना के बाद वकीलों में भारी आक्रोश है। अभिभाषक संघ के अनुसार अधिवक्ता कमलेश कुमार टाक एक मामले की पैरवी के लिए न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान न्यायालय के रीडर पर प्रतिवादी पक्ष की ओर से पैरवी करने का आरोप लगा। 
विरोध करने पर रीडर द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग, गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू होने जैसे आरोप लगाए गए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद कई लोगों ने घटनाक्रम देखा, जिससे वकीलों की गरिमा को ठेस पहुंची है।
अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय पीठासीन अधिकारी अनुपस्थित थे, इसके बावजूद रीडर द्वारा इजलास लगाया गया, जो न्यायिक नियमों के विरुद्ध है। साथ ही न्यायालय में भ्रष्टाचार के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने संबंधित रीडर को तत्काल हटाने, निष्पक्ष जांच कराने और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। अभिभाषक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो सभी अधिवक्ता न्यायालय कार्य का बहिष्कार जारी रखते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।