लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेशभर के 1000 श्रद्धालु करेंगे यात्रा
जयपुर। देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार की ओर से “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा” के तहत 5 जून 2026 को विशेष धार्मिक पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से दोपहर करीब 3 बजे रवाना होगी। प्रदेशभर के लगभग 1000 वरिष्ठजन इस विशेष ट्रेन के माध्यम से द्वारका, नागेश्वर और सोमनाथ के दर्शन करेंगे।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में जयपुर के अलावा अजमेर एवं आबू रोड स्टेशन से भी वरिष्ठजन सवार होंगे।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत चयनित उन श्रद्धालुओं के लिए आयोजित की जा रही है, जो पूर्व में किसी कारणवश यात्रा पर नहीं जा सके थे। इसके लिए सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिस जिले में जितने यात्री प्रतीक्षा सूची में हैं, उसी अनुपात में उन्हें इस यात्रा में शामिल किया जाएगा।
मंत्री कुमावत ने बताया कि अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर ट्रेन का लगभग 20 मिनट का ठहराव रहेगा, जहां यात्रियों की बोर्डिंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी।
6 जून को पहुंचेगी सोमनाथ
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 6 जून को सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेन सोमनाथ पहुंचेगी। यहां यात्रियों को होटल में ठहराया जाएगा। विश्राम के बाद स्थानीय धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
7 जून को सोमनाथ के शेष दर्शनीय स्थलों के दर्शन करवाने के बाद रात करीब 11:30 बजे ट्रेन द्वारका के लिए रवाना होगी।
8 जून को द्वारका दर्शन
8 जून को सुबह करीब 6 बजे द्वारका पहुंचने पर यात्रियों को होटल ट्रांसफर और विश्राम की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद द्वारकाधीश मंदिर सहित स्थानीय धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
9 जून को दिनभर भ्रमण कार्यक्रम के बाद शाम करीब 6 बजे विशेष ट्रेन जयपुर के लिए रवाना होगी। 10 जून को शाम करीब 4 बजे ट्रेन जयपुर पहुंचेगी। वापसी के दौरान अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर भी यात्रियों के उतरने की व्यवस्था रहेगी।
ट्रेन में विशेष सुविधाएं
मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि ट्रेन में कुल 14 वातानुकूलित कोच, 2 पावर कार और 1 पैंट्री कार लगाई जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, होटल में ठहरने, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की पूरी व्यवस्था देवस्थान विभाग की ओर से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक, साथ ही एक डॉक्टर और दो नर्सिंग कर्मचारी तैनात रहेंगे।
