Home national हर-घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा कन्सर्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री,...

हर-घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा कन्सर्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, दोनों डिप्टी सीएम रहे मौजूद

0


तिरंगा हमें राष्ट्र की एकता और अखण्डता के लिए करता है प्रेरित

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। विशेष संवाददाता मुख्यमंत्री श्री
 भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमें राष्ट्र की एकता और अखण्डता को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है। यह हमारे भीतर राष्ट्र गौरव का भाव जगाता है। उन्होंने कहा कि हर-घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य हमारी भावी पीढ़ी को आजादी का महत्व समझाना है, जो हमें हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान के बाद हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हमें हमारे उन शहीदों के बलिदान को याद कर उन्हें नमन करना चाहिए।


शर्मा बुधवार को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में (आरआईसी) पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें हमारे कर्तव्यों का बोध करते हुए राष्ट्रहित में सदैव तत्पर रहना चाहिए। हमें समाज देश और प्रदेश के प्रति हमारे दायित्व को समझकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना प्रबल होगी तो हमारा देश दुनिया में सिरमौर बनेगा। 

राष्ट्र के प्रति रखें हम समर्पण भाव
शर्मा ने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से काम करना सबकी जिम्मेदारी है। हम चाहे किसी भी भूमिका में काम कर रहे हो, हमें हमारे कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘‘एक दीपक आप जलाएं, एक दीपक हम जलाएं’’ इस भावना के साथ मिलकर काम करने से अंधियारा दूर होगा और उन्नति का प्रकाश फैलेगा। उन्होंने कहा कि हमारा हर कदम राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में आया परिवर्तन हम सबने देखा है। गरीब कल्याण, देश का विकास, आतंकवाद का खात्मा और दुनिया में भारत के सम्मान में निरंतर वृद्धि सहित हर आयाम पर हमने प्रगति की है।

वंचित तबके के कल्याण के लिए केन्द्र और राज्य सरकार कृतसंकल्पित
शर्मा ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति के कल्याण के लिए कृतसंकल्पित है। इस सकंल्प को पूरा करने में नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। हम सब हमारे आस-पास के कमजोर और वंचित तबके को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करें। ऐसे लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठने से ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत का सपना पूरा होगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि हमें लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद आजादी मिली है। इसे सुरक्षित रखना हम सब का कर्तव्य है। देश की महिला शक्ति ने हर क्षेत्र में जीत का परचम फहराया है, जो हम सब के लिए गर्व की बात है। 

उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि हमें सीमा पर तैनात जवानों के प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए, जिनकी प्रतिबद्धता के कारण हम अमन और चैन के साथ रह पा रहे हैं।



कार्यक्रम में लोक गायक  मामे खान ने अपने साथी कलाकारों के साथ देशभक्ति और राजस्थानी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत मां तुझे सलाम गीत की प्रस्तुति के दौरान मुख्यमंत्री एवं दोनों उप मुख्यमंत्री सहित सभागार में उपस्थित लोगों ने अपने मोबाइल फोन की फ्लेश लाइट जलाकर कलाकारों की हौसला हफजाई की। इस अवसर पर सांसद  मंजू शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज  अभय कुमार, प्रमुख शासन सचिव पर्यटन  गायत्री राठौ़ड सहित विभिन्न अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। 
Add.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version